भीलवाड़ा = खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण राशन सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अधिकारियों एवं समिति सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बुधवार को विधायक कार्यालय में राजस्थान सरकार के रसद विभाग के अंतर्गत गठित खाद्य सुरक्षा समिति के मनोनीत सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। इसमें राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उचित मूल्य की दुकानों के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे राशन का लाभ
विधायक कोठारी ने कहा कि शहरी क्षेत्र में कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण रसद सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा वितरण व्यवस्था में निर्धारित नियमों और मानकों का पालन किया जाना चाहिए।
तीन नई उचित मूल्य की दुकानों पर भी चर्चा
बैठक में शहर में रिक्त पड़ी उचित मूल्य की तीन नई दुकानों के लिए पात्र व्यक्तियों का नियमानुसार चयन करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने समिति सदस्यों से कहा कि वे संबंधित अधिकारियों के साथ समय-समय पर उचित मूल्य की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान राशन सामग्री की मात्रा, गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को योजना का पूरा लाभ मिल सके।
जिला रसद अधिकारी से भी की चर्चा
विधायक कोठारी ने इस संबंध में जिला रसद अधिकारी विजेन्द्र पाल सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं को समय पर निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में समिति सदस्य संजय राठी, पवन लोढ़ा, शंकर गुर्जर, मधुबाला यादव एवं शरद सिंह चौहान सहित सुंदरलाल बंबोड़ा, बाबूलाल टाक, गजेंद्र सिंह, अर्पित कोठारी, कमल कोठारी और पृथ्वी सिंह उपस्थित रहे।
पात्र व्यक्ति राशन योजना के लाभ से वंचित न रहें : विधायक कोठारी
खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक में गुणवत्तापूर्ण रसद सामग्री वितरण और उचित मूल्य की दुकानों के निरीक्षण के दिए निर्देश
Leave a comment
Leave a comment


