Ad imageAd image

अनंता-2026 में बच्चों की डांडिया प्रिंस-प्रिंसेस प्रतियोगिता आयोजित

Dev Karan Mali
3 Min Read

चित्तौड़गढ़ = जय अंबे युवा मंडल की ओर से आयोजित अनंता-2026 महोत्सव गांधी नगर स्थित त्रिपोलिया बाग में धूमधाम से मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बच्चे और महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

मंडल अध्यक्ष रोहित बोरीवाल ने बताया कि मंगलवार को बच्चों के लिए डांडिया प्रिंस एवं डांडिया प्रिंसेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा और शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। डांडिया प्रिंस प्रतियोगिता में तन्मय चांवला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार भी प्रतिभागियों को प्रदान किए गए। इसी प्रकार डांडिया प्रिंसेस प्रतियोगिता में अवनी टाण्डी ने प्रथम स्थान हासिल किया। अन्य विजेताओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दिखेंगे महापुरुषों और देवी-देवताओं के स्वरूप

मंडल संयोजक सुमित मीणा ने बताया कि प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बुधवार को 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, मीराबाई, राधा-कृष्ण, चंद्रशेखर आजाद, भगवान राम, भगवान कृष्ण, कालिका माता और दुर्गा माता सहित विभिन्न महापुरुषों एवं देवी-देवताओं के स्वरूप में सजकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

15 अक्टूबर को महिलाओं के लिए विशेष आयोजन

जय अंबे युवा मंडल के विनीत आमेरिया ने बताया कि गुरुवार, 15 अक्टूबर को विवाहित महिलाओं के लिए विशेष परिधान एवं 16 श्रृंगार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में ग्रुप डांडिया, मिस अनंता सहित कई अन्य आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

ये कार्यकर्ता रहे उपस्थित

आयोजन के दौरान जय अंबे युवा मंडल के अभिषेक पराशर, पुलकित शर्मा, रोहित आमेरिया, कुलदीप शर्मा, चांदमल सेन, अमित मीणा, दीपेश प्रजापत, हिमांशु आमेरिया, सन्नी चांवला, काना खटीक, सचिन आमेरिया, अमन आमेरिया, नीरज छीपा, कान्हा सोनी सहित मंडल के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!