भीलवाड़ा = प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY-DPR) के अंतर्गत संचालित उच्च गुणवत्ता एवं टिकाऊ कपास उत्पादन हेतु राज्य पहल परियोजना के तहत मंगलवार को सहाड़ा तहसील के बाघपुरा गांव में कपास किसान जिलास्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। CITI-CDRA की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में करीब 180 किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और गुणवत्तापूर्ण कपास उत्पादन के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कपास की उत्पादकता एवं गुणवत्ता बढ़ाने, खेती की लागत कम करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा। विशेषज्ञों ने किसानों को उचित पौध दूरी, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समन्वित कीट प्रबंधन (IPM) तथा फसलों में कीट एवं रोगों की समय पर पहचान करने के तरीके बताए। साथ ही सुरक्षित कृषि आदानों के उपयोग पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग की विभिन्न किसानोपयोगी योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा (OSH), स्वच्छ कपास उत्पादन तथा भारतीय कपास निगम (CCI) की कपास खरीद प्रक्रिया के बारे में किसानों को जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने कपास की तुड़ाई के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
CITI-CDRA के परियोजना अधिकारी भरत शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए परियोजना के उद्देश्यों एवं किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं, परियोजना समन्वयक डॉ. जी.एस. अमेटा ने RKVY कपास परियोजना के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक कपास उत्पादन प्रणाली तथा समन्वित कीट प्रबंधन पर तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यशाला के दौरान किसानों के साथ संवाद एवं प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई और सुझाव प्राप्त किए गए। इसके साथ ही क्षेत्र भ्रमण कर कपास की फसल एवं किसानों द्वारा अपनाई जा रही कृषि तकनीकों का अवलोकन किया गया।
कार्यशाला के माध्यम से किसानों को टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण कपास उत्पादन की तकनीकें अपनाने, उत्पादन लागत कम करने और कपास की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया।



