Ad imageAd image

जयकारा 2026 में गरबा की धूम! 12 ग्रुप की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, आदिशक्ति ग्रुप बना विजेता

Mahesh Puri
3 Min Read

चित्तौड़गढ़ =  नवरात्रि के पावन पर्व पर महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से आयोजित नवरात्रि डांडिया महोत्सव ‘जयकारा 2026’ में गरबा और डांडिया का रंगारंग उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार को आयोजित रास रंगीला ग्रुप गरबा रास प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता में 12 अलग-अलग ग्रुप ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने गुजराती और भक्ति गीतों की धुन पर पारंपरिक परिधानों में गरबा प्रस्तुत कर पूरे पंडाल को उत्साह और उमंग से भर दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही।

आदिशक्ति ग्रुप प्रथम, नारी शक्ति द्वितीय

प्रतियोगिता में आदिशक्ति ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता। नारी शक्ति ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहा, जिसे 15 हजार रुपये दिए गए। वहीं गोल्डन गरबा ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल कर 11 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अलावा प्रत्येक टीम को 3,100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

- Advertisement -
Ad imageAd image

समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, पूर्व नगर अध्यक्ष नरेंद्र पोखरना, सचिव लीला आगाल और संरक्षक आशा पोखरना ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।

सांसद सीपी जोशी का स्वागत

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सीपी जोशी का समिति पदाधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सभापति अनिल ईनाणी, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, बांसवाड़ा जिला प्रभारी कमलेश पुरोहित, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, पार्षद विपिन सिंह शक्तावत और सुनील मेनारिया सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने वाली कल्याणी दीक्षित और राशि मूंदड़ा का भी स्वागत किया गया। प्रतियोगिता प्रभारी रीना जागेटिया, भावना आगाल, अरुणा द्विवेदी, नेहा न्याति तथा महिला कार्यकर्ताओं सीमा सुखवाल, सुनीता कौर सोनी, ज्योति तिवारी और सुहानी असावा ने अतिथियों का अभिनंदन किया।

बुधवार को बच्चों की प्रतियोगिताएं बनेंगी आकर्षण

मेवाड़ महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष अनुराग द्विवेदी ने बताया कि बुधवार को जयकारा में बच्चों के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए विचित्र वेशभूषा प्रतियोगिता तथा 7 से 13 वर्ष तक के बच्चों के लिए मेवाड़ प्रिंस-प्रिंसेस डांडिया प्रतियोगिता आयोजित होगी।

इन प्रतियोगिताओं में नन्हे प्रतिभागी अलग-अलग आकर्षक वेशभूषाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

नवरात्रि के उल्लास, पारंपरिक संस्कृति और भक्ति के रंगों से सजा जयकारा 2026 चित्तौड़गढ़ में लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!