भीलवाड़ा = गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण के तहत मंगलवार, 13 अक्टूबर को प्रातः 9 से 11 बजे तक हरिसेवा धाम उदासीन आश्रम, रोडवेज बस स्टैंड के सामने, भीलवाड़ा में गौ भक्तों की आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी।
जिला संत लाल जी महाराज ने एवं संभाग प्रभारी नन्द किशोर साहू ने बताया कि बैठक में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने तथा गोहितैषी कानून बनाने की मांग को लेकर आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। बैठक में संत- महात्माओं एवं महामंडलेश्वरों का सानिध्य प्राप्त होगा। साथ ही ग्वाल संत श्री गोपालानंद सरस्वती जी महाराज का आशीर्वाद एवं आशीर्वचन भी प्राप्त होंगा। बैठक में अभियान के जिला समन्वयक सुनील जागेटिया तथा भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी का सानिध्य भी रहेगा।
जिला प्रभारी जगदीश तेली ने बताया कि अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत 17 दिसंबर 2026 को जयपुर में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने एवं गोहितैषी कानून बनाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया जाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में जिले की सभी तहसीलों के गौ भक्तों की सहभागिता सुनिश्चित करने, अभियान की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने तथा जयपुर में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी दिलीप सोनी ने जिले के समस्त गौ भक्तों से निर्धारित समय पर हरिसेवा धाम पहुंचकर बैठक में भाग लेने की अपील की है। संत श्री गोपालानंद सरस्वती जी महाराज की दोपहर 12 बजे अन्य जिले में अगली बैठक निर्धारित है, इसलिए सभी गौ भक्त समय का विशेष ध्यान रखते हुए प्रातः 9 बजे बैठक स्थल पर पहुंचें, ताकि संतों के आशीर्वचन एवं मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त हो सके।
गौ सम्मान आह्वान अभियान की आवश्यक बैठक मंगलवार को हरिसेवा धाम में
Leave a comment
Leave a comment


