भीलवाड़ा = गांधी नगर साहित्य सेवा संस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट, गुजरात की ओर से आयोजित ऑनलाइन समारोह में राजस्थान के धर्मचंद आचार्य को गांधी अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। गूगल मीट के माध्यम से आयोजित इस समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश-विदेश की 20 हस्तियों को सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मोहाली स्थित सिद्ध रूपा मिशन आश्रम के अध्यक्ष अरुंधा भर्ती स्वामी जी रहे। समारोह की अध्यक्षता गांधी नगर साहित्य सेवा संस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट, गुजरात के कर्नाटक अध्यक्ष डॉ. महेश उर्फ मलकप्पा ने की। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. गुलाब चंद पटेल तथा राजस्थान के केकड़ी निवासी विश्व शांति पुरस्कार से सम्मानित धर्मचंद आचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुजरात के भरूच की शिक्षाविद् नसीम बानू ने सरस्वती वंदना से किया। मंच संचालन श्रीमती आचार्य विनीता लावण्या ने किया, जबकि अनिता तोमर ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।
शिक्षा और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान
धर्मचंद आचार्य शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
वर्तमान में आचार्य राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले की गंगरार पंचायत समिति क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कल्पवृक्ष धाम, फलोदी में प्रबोधक लेवल-2 के पद पर कार्यरत हैं। गांधी अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मान-2026 मिलने पर उनके कार्यों को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।



