भीलवाड़ा = भीलवाड़ा शहर को दीपावली से पूर्व सुंदर, स्वच्छ और गड्ढा मुक्त बनाने की दिशा में विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रयासों से राज्य वित्त आयोग मद से नगर निगम क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के तहत शहर की सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण, नालियों और नालों का सुधार, सार्वजनिक सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की मरम्मत सहित विभिन्न जनोपयोगी कार्य करवाए जाएंगे। सभी कार्य नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा करवाए जाएंगे।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बताया कि उनके प्रयासों से नगर निगम चुनाव से पूर्व ही 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई थी, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सके। अब इन कार्यों को प्रारंभ करवाया जा रहा है, ताकि दीपावली से पहले शहर की प्रमुख सड़कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार हो सके तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलें।
सड़क निर्माण एवं मरम्मत पर विशेष जोर
विधायक कोठारी ने बताया कि नगर निगम के चारों जोन में सड़क निर्माण पर कुल 1 करोड़ 19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे लाइन के पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्रों में सड़क पेंचवर्क पर 80.50 लाख रुपये खर्च होंगे। आजाद चौक क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण पर 25 लाख, वैभव नगर में 20 लाख, कांवा खेड़ा में 25 लाख तथा चंद्रशेखर आजाद नगर में सीसी सड़क निर्माण पर 30 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 15 लाख, उपनगर पुर की हरिजन बस्ती में 25 लाख, सांगानेर की गाड़िया लोहार बस्ती में 44 लाख, नागौरी गार्डन में 25 लाख, माणिक्य नगर में 35 लाख तथा गार्गी हॉस्पिटल से भीमगंज थाने तक सड़क निर्माण पर 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
पांसल चौराहे से पुर रोड तक पेवर रोड निर्माण पर 25 लाख तथा रेलवे स्टेशन से कलेक्टर निवास तक पेवर रोड निर्माण पर 30 लाख रुपये खर्च होंगे। श्याम विहार, गांधी नगर और विवेकानंद नगर में सीसी सड़क निर्माण के लिए 45 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वार्ड संख्या 20 से 29 तथा 39 से 44 में आवश्यकता के अनुसार नाली क्रॉसिंग निर्माण पर 13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इनकम टैक्स कार्यालय के पास नाली एवं सीसी पटरी निर्माण पर 3.16 लाख रुपये तथा मुरली विलास रोड, इंदिरा मार्केट, महारानी ट्रेड सेंटर, प्रताप टॉकीज, हरि सेवा धाम, सेवा सदन रोड और नागौरी गार्डन क्षेत्र में नाली क्रॉसिंग एवं निर्माण कार्यों पर 29.30 लाख रुपये खर्च होंगे।
बड़े नालों की मरम्मत पर 10 लाख, पश्चिमी क्षेत्र में नाली एवं क्रॉसिंग निर्माण तथा मरम्मत पर 22.50 लाख और शास्त्री नगर क्षेत्र में बड़े नालों की मरम्मत पर 10.90 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
चंद्रशेखर आजाद नगर, घरौंदा कॉलोनी, वकील कॉलोनी, एफ सीआई गोदाम के पास तथा सुभाष नगर में नाली निर्माण पर 60 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही सभी वार्डों में नाली एवं क्रॉसिंग निर्माण तथा फेरोकवर लगाने के लिए 70 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सार्वजनिक मूत्रालयों की मरम्मत एवं रंगरोगन पर 6 लाख तथा सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत एवं रंगरोगन पर 21.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
कचरा संग्रहण स्थलों पर चारदीवारी एवं सीसी प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 20 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सीवरेज मैनहोल को सड़क के स्तर के अनुरूप करने पर 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे सड़क पर आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रोडलाइट पोल एवं लाइट लगाने पर 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। गांधी सागर रोड पर रोडलाइट एवं ऑक्टागोनल पोल लगाने के लिए 30.29 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्प्रिंग पोस्ट एवं थर्मोप्लास्टिक रम्बल स्ट्रिप लगाने पर 10 लाख रुपये खर्च होंगे, जिससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। दीपावली से पहले सड़क, सफाई, रोशनी और जल निकासी से जुड़े कार्यों को गति देकर शहर की व्यवस्थाओं को अधिक सुचारू बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इन विकास कार्यों से विभिन्न वार्डों के नागरिकों को राहत मिलेगी और शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
दीपावली से पहले भीलवाड़ा शहर की बदलेगी सूरत
10 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी
Leave a comment
Leave a comment


