पुर (रिपोर्टर रतन लाल आचार्य) = 70वीं राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (एमजीजीएस), पुर की छात्रा रिंकू गुर्जर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर भीलवाड़ा जिले सहित पुर गांव का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता का आयोजन भीनमाल, जिला जालौर में किया गया।
रिंकू गुर्जर ने 19 वर्ष आयु वर्ग के 57 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने भरतपुर की जूडो खिलाड़ी को पराजित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ रिंकू का चयन राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है।
रिंकू की इस शानदार सफलता से विद्यालय, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि में प्रशिक्षकों, गुरुजनों और अभिभावकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग को भी महत्वपूर्ण श्रेय दिया गया।
विद्यालय पहुंचने पर शारीरिक शिक्षिका (पीटीआई) मीना सिंघवी एवं विद्यालय स्टाफ ने रिंकू गुर्जर का स्वागत किया। इस दौरान पूरे विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। रिंकू की सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
रिंकू गुर्जर की इस उपलब्धि ने क्षेत्र की अन्य छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और मेहनत के दम पर सफलता हासिल करने की प्रेरणा दी है।



