गुरला = बालिकाओं के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भीलवाड़ा जिला प्रशासन और हमारी लाडो फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘नींव’ अभियान के तहत गुरला में 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। ‘लड़कियां भागें, सबसे आगे’ के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग की स्कूली बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जोश और उत्साह के साथ दौड़ीं नन्हीं लाडो
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ‘नींव’ अभियान की लाल रंग की टी-शर्ट और कैप पहनकर बालिकाओं ने निर्धारित 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। दौड़ पूरी करने वाली बालिकाओं को जिला प्रशासन एवं फाउंडेशन से जुड़े पदाधिकारियों ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

बेटियों को आगे बढ़ने की मिलेगी प्रेरणा
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूल स्टाफ, जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लेकर बालिकाओं का हौसला बढ़ाया। उपस्थित लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। साथ ही, बालिकाओं को शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में पुनित दास त्यागी जी महाराज, सत्यनारायण सेन, रतन सिंह, सुरेश चन्द्र दरोगा, जगदम्बा प्रसाद माथुर, तृप्ति मैडम, रामचंद्र प्रजापत, कंचन प्रजापत, राजू माली सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


