भीलवाड़ा। महात्मा गांधी अस्पताल में कर्मचारियों के वेतन, एरियर एवं सरेंडर राशि को लेकर चल रही अनियमितता के विरोध में राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ एकीकृत ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट के नेतृत्व में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
महासंघ पदाधिकारियों ने बताया कि महात्मा गांधी अस्पताल के कर्मचारियों को पिछले करीब एक से डेढ़ वर्ष से एरियर, सरेंडर राशि और विशेष रूप से मासिक वेतन के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेतन में लगातार हो रही अनियमितता के कारण कर्मचारियों की बैंक किश्तें बाउंस हो रही हैं तथा परिवार का खर्च चलाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों में आर्थिक संकट के साथ मानसिक परेशानी भी बढ़ रही है।
महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अमित व्यास ने बताया कि राजमेस के कर्मचारियों को करीब चार माह से वेतन नहीं मिला है। बजट की कमी के कारण वेतन नियमित रूप से जारी नहीं हो पा रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वेतन संबंधी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी दिनों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा अधीक्षक से भी वार्ता कर कर्मचारियों को जल्द वेतन दिलाने की मांग रखी। महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि वेतन में अनियमितता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का रुख किया जाएगा और जिनकी लापरवाही के कारण कर्मचारियों का वेतन अटक रहा है, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
ज्ञापन के दौरान प्रवक्ता गिरिराज लड्ढा, सतीश शर्मा, सत्यनारायण सोनी, विनोद सोनी, भागचंद धाकर, विनोद जीनगर, ललित जीनगर, धनराज मैगवंशी, करण सिंह, दिनेश खटीक, बंधन चावला, पुरुषोत्तम चावला, पिंकी खटीक, अनीता खोईवाल, घनश्याम असावा, उदयलाल, अंकित काबरा, घनश्याम शर्मा, महेश दाधीच, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अमोद शर्मा, निरंजन चम्पावत, कुलदीप आर्य, नौशाद सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।



