Ad imageAd image

प्रतापपुरा क्षेत्र में फसल बर्बादी से किसान परेशान, राहत व बीमा भुगतान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा

Dev Karan Mali
2 Min Read

शाहपुरा (भीलवाड़ा) = ग्राम पंचायत प्रतापपुरा एवं आस-पास के गांवों में खरीफ सीजन में अतिवृष्टि, अनियमित वर्षा, कीट-रोग प्रकोप तथा जंगली सुअरों व सियारों के आतंक से मक्का, ज्वार, उड़द, मूंग, कपास और मूंगफली जैसी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इससे आक्रोशित किसानों ने केंद्र व राज्य सरकार से तत्काल राहत, फसल क्षति आंकलन और बीमा भुगतान की मांग की है।

समाज सेवी शंकर लाल गाडरी  के नेतृत्व में किसानों ने भारत सरकार के कृषि मंत्री तथा राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी, शाहपुरा के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि तारबंदी के बावजूद जंगली सुअर और सियार खेतों में गड्ढे खोदकर प्रवेश कर खड़ी फसल नष्ट कर रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों बर्बाद हो रही है।



किसानों की प्रमुख मांगें

– राजस्व विभाग द्वारा त्वरित गिरदावरी और वास्तविक फसल क्षति आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाए। 
– राजस्थान फसल खराबा राहत योजना के तहत पात्र किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जाए। 
– प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के अंतर्गत बीमा कंपनियां शीघ्र सर्वेक्षण कर क्षतिपूर्ति राशि किसानों के खातों में जमा कराएं। 
– जंगली सुअरों व सियारों के नियंत्रण हेतु वन विभाग द्वारा विशेष अभियान, बाड़ मरम्मत तथा स्थानीय निवारण उपाय तत्काल लागू किए जाएं। 

कर्ज और आर्थिक संकट की चिंता

ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि फसल बर्बादी और आर्थिक तंगी से कर्जग्रस्त किसान गंभीर मानसिक दबाव में हैं। किसानों ने कहा कि समय रहते राहत और बीमा भुगतान न होने पर स्थिति और बिगड़ सकती है।

ज्ञापन देने वालों में शंकर लाल गाडरी के अलावा बलदेव गाडरी, उस्मान खान, बद्री भील, भँवर गाडरी, कालू वैष्णव, सत्तू भोपा, गोपाल गाडरी, जगदीश गाडरी तथा परमेश्वर शामिल रहे। किसानों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर क्षेत्र के किसानों को न्याय और राहत दिलाने की अपील की है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!