बनेड़ा (रिपोर्टर जयप्रकाश) = उपखंड मुख्यालय बनेड़ा क्षेत्र के बंगला का खेड़ा और थाना क्षेत्र के मुशी गांव में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में करीब साढ़े छह ट्रॉली चारा और ज्वार की कड़प जलकर राख हो गई। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दमकल की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरपालिका क्षेत्र के बंगला का खेड़ा निवासी बबलू पिता सोहन माली के बाड़े में मंगलवार तड़के अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से बाड़े में रखा करीब डेढ़ ट्रॉली चारा जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पास ही स्थित कुएं की मोटर चलाकर पानी की सहायता से आग पर काबू पाया।
वहीं, मुशी गांव निवासी नारायण गुर्जर के बाड़े में रखी ज्वार की कड़प में बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बाड़े में रखी करीब पांच ट्रॉली ज्वार की कड़प को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। सूचना मिलने पर मुख्यालय से दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों और दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। दोनों घटनाओं में किसानों को चारे और पशु आहार के रूप में रखी ज्वार की कड़प का नुकसान हुआ।
बनेड़ा में आग से साढ़े छह ट्रॉली चारा और ज्वार की कड़प जलकर राख
Leave a comment
Leave a comment


