कोटा (राजस्थान)। शहर के नांता इलाके में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया। पत्नी के साथ नहर में नहाने गए एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे बायीं मुख्य नहर में हुआ। मृतक की पहचान पार्श्वनाथ सिटी निवासी राजेंद्र उपाध्याय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र उपाध्याय बुधवार सुबह अपनी पत्नी के साथ नहर में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नहर के तेज बहाव में बह गए। पति को डूबता देख पत्नी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर NDRF, SDRF, नगर निगम गोताखोर और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर राजेंद्र का शव बरामद किया गया।
इसके बाद नांता थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए MBS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
नहाने के लिए प्रतिबंधित है नहर का स्थान
नगर निगम गोताखोर विष्णु श्रृंगी के अनुसार, नहर में पानी का बहाव काफी तेज रहता है और संबंधित स्थान पर नहाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नहर में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। इस हादसे ने एक बार फिर नहरों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



