रिपोर्टर: जेठानंद कारयानी
हनुमानगढ़। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। आमजन को बीमारियों से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य अधिकारी नवनीत शर्मा ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी नवनीत शर्मा ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के दौरान सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार सहित अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में आमजन को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने खानपान में सावधानी बरतने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, आसपास साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के बीमारी संबंधी लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतें और समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन करने से बचें, ताकि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मौसमी बीमारियों की रोकथाम, आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजन से सावधानी बरतने, स्वच्छता अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की है।


