Ad imageAd image

कोठार बस स्टैंड पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार जिप्सी ने एक्टिवा को मारी टक्कर, दो युवतियां गंभीर घायल

Harshraj Singh Gour
2 Min Read

रिपोर्टर – दाना राम

बाली (पाली)। उपखंड बाली क्षेत्र के कोठार बस स्टैंड पर मंगलवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही जिप्सी ने सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा जिप्सी के आगे फंस गई और वाहन उसे करीब 100 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में एक्टिवा सवार पूजा देवासी और सविता देवासी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां एक्टिवा से घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही जिप्सी (RJ30TA2216) ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक्टिवा जिप्सी के अगले हिस्से में फंस गई। चालक वाहन को कुछ दूरी तक घसीटता ले गया और फिर जिप्सी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की। लालाराम देवासी खाटोना ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल युवतियों को अपनी निजी गाड़ी से बेड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए सुमेरपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने जिप्सी की जब्त

घटना की सूचना मिलते ही नाणा थाना अधिकारी रतनसिंह राठौड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की तथा दुर्घटना में शामिल जिप्सी को जब्त कर लिया। हादसे के बाद फरार चालक की तलाश और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!