गुरला = गुरला के माली मोहल्ला स्थित राम मंदिर में मंगलवार को खेकरा पर्व बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बेल की पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। महिलाओं ने व्रत रखकर बेल के पेड़ और शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, फूल और धूप-दीप चढ़ाकर पूजा-अर्चना की।
शाम को मंदिरो में महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। आरती के बाद भगवान को चावल चवला प्रसाद का भोग लगाया गया और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भजनों पर नाच-गाकर पर्व की खुशियां मनाईं।
आयोजकों ने बताया कि खेकरा पर्व पारंपरिक पर्व है, जिसे हर साल बड़े उत्साह से मनाया जाता है। इस अवसर पर माली मोहल्ला सहित आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे।



