सहाड़ा। क्षेत्र के ग्राम चीड़खेड़ा में अन्नकूट महोत्सव बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपनी सदियों पुरानी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखा।
महोत्सव के तहत सबसे पहले गांव की परंपरा और रीति-रिवाजों के अनुसार ग्रामीण अपने-अपने बैलों को आकर्षक ढंग से सजाकर ठाकुर जी मंदिर चौपटा में लेकर पहुंचे। बैलों को रंग-बिरंगे रंगों से सजाया गया। सजे-धजे बैलों को एक साथ खड़ा कर पारंपरिक आयोजन को विशेष रूप दिया गया। इस अनूठे दृश्य को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
आयोजन में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ग्रामीणों ने परंपरा के अनुसार पटाखे फोड़कर खुशियां मनाईं। ढोल-धमाके और उत्साह के बीच गांव का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। हर उम्र के लोगों में अपनी पुरानी परंपरा को निभाने का उत्साह दिखाई दिया।
धार्मिक आयोजन के समापन पर ग्रामीणों को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। सभी ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
ग्रामीण एकता और संस्कृति की अनूठी मिसाल
चीड़खेड़ा का यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गांव की एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी बना। ग्रामीणों ने सामूहिक सहभागिता से यह संदेश दिया कि आधुनिक दौर में भी गांवों की पुरानी परंपराएं और रीति-रिवाज आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।
चीड़खेड़ा में धूमधाम से मनाया गया अन्नकूट महोत्सव, सजी-धजी बैलों की दिखी अनूठी छटा
Leave a comment
Leave a comment


