शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी)। नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों के बाद पहली बार मंगलवार को विधायक डॉ. लालाराम बैरवा शाहपुरा पहुंचे। दीपावली के अवसर पर उनके कार्यालय में स्नेहमिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं, नवनिर्वाचित सरपंचों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पहुंचकर विधायक को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दिनभर रामा-श्यामा और मेल-मिलाप का दौर चलता रहा।
चुनावी सरगर्मियों के बाद आयोजित इस स्नेहमिलन कार्यक्रम में उत्सव के माहौल के साथ राजनीतिक सक्रियता भी नजर आई। विधायक डॉ. बैरवा ने सभी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर दीपावली की बधाई दी तथा क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
नए साल में विकास की नई सौगात का भरोसा
दीपावली की शुभकामनाओं के साथ विधायक डॉ. बैरवा ने शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विकास का रोडमैप भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि नया साल शाहपुरा क्षेत्र के लिए खुशहाली और विकास की नई सौगात लेकर आएगा। पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद अब विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उनका लक्ष्य शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में अव्वल बनाना है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय से लेकर पंचायत समिति और ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास कार्य करवाए जाएंगे। शहर के साथ गांवों में भी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रयास किए जाएंगे। आने वाले समय में विकास कार्यों के माध्यम से शाहपुरा की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी।
चुनावी सरगर्मी के बाद अब विकास पर रहेगा फोकस
गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधायक का यह दौरा कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।
दीपावली स्नेहमिलन में विधायक ने जहां कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां साझा कीं, वहीं क्षेत्र के विकास को लेकर भरोसा भी दिलाया। अब आमजन और कार्यकर्ताओं की निगाहें नए साल में होने वाले विकास कार्यों पर टिकी हैं। फिलहाल दीपावली की रामा-श्यामा के साथ शाहपुरा में विकास की नई पारी का संदेश जरूर गूंज गया।
दीपावली स्नेहमिलन में विधायक बैरवा ने कार्यकर्ताओं से की रामा-श्यामा, शाहपुरा के विकास का खोला पिटारा
Leave a comment
Leave a comment


