सवाई माधोपुर = रक्तदान को महादान कहा जाता है और इसी कहावत को चरितार्थ करते हुए माहिर खान ने एक साल की मासूम बच्ची के लिए रक्तदान कर इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश की। उनके इस नेक कार्य से बीमारी से जूझ रही मासूम बच्ची को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका।
जानकारी के अनुसार, एक वर्षीय मासूम बच्ची निधा को बुखार आने पर परिजन चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जांच के दौरान बच्ची के शरीर में हीमोग्लोबिन एवं रक्त की मात्रा बेहद कम पाई गई। चिकित्सक की सलाह पर बच्ची के पिता सद्दाम उसे राजकीय सामान्य चिकित्सालय, सवाई माधोपुर लेकर पहुंचे और भर्ती कराया।
बच्ची के पिता सद्दाम का कहना है कि अस्पताल में भर्ती होने के दो दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें बच्ची के लिए रक्तदाता नहीं मिल पा रहा था। परिजनों की ओर से रक्तदान करने की कोशिशों में भी चिकित्सकीय कारणों से रक्त नहीं लिया जा सका। ऐसे में परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी।
इस परेशानी की जानकारी मुस्लिम नौजवान कमेटी के संचालक मोहम्मद कासिफ को मिली। उन्होंने बिना देर किए अपनी टीम के सदस्य माहिर खान से सम्पर्क किया और बच्ची की मदद के लिए आग्रह किया। सूचना मिलते ही माहिर खान अस्पताल पहुंचे और अस्पताल में चिकित्सकीय प्रक्रिया में घंटों इंतजार करने के बाद मासूम निधा के लिए रक्तदान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से बच्ची को जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध हो सका।
माहिर खान के इस नेक कार्य से प्रसन्न होकर बच्ची के पिता ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें उपहार भेंट करना चाहा, लेकिन माहिर खान ने उपहार लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह कार्य किसी स्वार्थ या इनाम के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह इंसानियत और मानव सेवा की भावना से किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे एक बार रक्तदान कर चुके हैं।
माहिर खान का यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है कि किसी जरूरतमंद की मदद करने के लिए केवल नेक इरादे और सेवा भावना की आवश्यकता होती है। वास्तव में, समय पर किया गया रक्तदान किसी के परिवार की खुशियां लौटाने के साथ किसी अनमोल जिंदगी को बचाने का माध्यम बन सकता है।
—000—
रक्तदान कर माहिर खान ने बचाई एक साल की मासूम की जान
Leave a comment
Leave a comment


