उमाशंकर शर्मा |
टोडारायसिंह। कस्बे में रविवार को दीपावली का पर्व परंपरागत हर्षोल्लास, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। घरों के साथ-साथ मंदिरों में भी दीपोत्सव की विशेष रौनक देखने को मिली। कस्बे के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक विद्युत झालरों और दीपकों से सजाया गया। शाम ढलते ही देवालय दीपों की रोशनी से जगमगा उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
दीपावली के अवसर पर मंदिरों में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर दीप प्रज्वलित किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान बालिकाओं और कुमारिकाओं ने मंदिर परिसरों में दीपक रोशन कर दीपमालिका की परंपरा निभाई। कतारों में सजे जलते दीपकों से मंदिरों का दृश्य आकर्षक नजर आया।
कुमारिकाओं ने दीप प्रज्वलित कर घर-परिवार और समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। दीपों की जगमगाहट और श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना से देवालयों में देर शाम तक उत्सवी माहौल बना रहा।



