रिपोर्टर – राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। दीपावली के शुभ अवसर पर रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। रणथम्भौर की करीब 8 वर्षीय बाघिन T-125 (सिद्धि) कैमरा ट्रैप में अपने एक शावक के साथ नजर आई है। बाघिन की शावक के साथ मौजूदगी से रणथम्भौर में बाघों के कुनबे में बढ़ोतरी की उम्मीद जगी है।
उल्लेखनीय है कि बाघिन T-125 (सिद्धि) का यह दूसरा लिटर (प्रसव) है। कैमरा ट्रैप में फिलहाल एक शावक दिखाई दिया है, हालांकि शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगाए गए कैमरा ट्रैप की लगातार निगरानी की जा रही है। आगामी दिनों में कैमरा ट्रैप से मिलने वाली तस्वीरों के आधार पर शावकों की वास्तविक संख्या की पुष्टि की जाएगी।
वन विभाग की फील्ड टीम बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। उनकी सुरक्षा और प्राकृतिक विचरण को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निगरानी एवं संरक्षण संबंधी उपाय किए जा रहे हैं।
दीपावली के मौके पर रणथम्भौर से मिली यह खुशखबरी वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों के लिए उत्साहजनक है। बाघिन सिद्धि के शावक के साथ नजर आने से वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर है। यह रणथम्भौर के समृद्ध वन्यजीव संसार और बाघ संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सुखद तस्वीर पेश करती है।
दीपावली पर रणथम्भौर से आई खुशखबरी, कैमरा ट्रैप में शावक के साथ नजर आई बाघिन T-125 सिद्धि
Leave a comment
Leave a comment


