बुटाटी = ग्राम पंचायत बुटाटी में पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति सामने आई है। एक ओर ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जलदाय विभाग की पाइपलाइन में लीकेज के कारण हजारों लीटर पानी सड़क पर व्यर्थ बह रहा है। सड़क पर बहते पानी और फैलते कीचड़ ने पेयजल व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
ग्रामीणों के अनुसार पाइपलाइन लीकेज की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लीकेज दुरुस्त करने का ठेका लेने वाले ठेकेदार की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद लीकेज ठीक नहीं होने से लगातार पानी की बर्बादी हो रही है।
हैरानी की बात यह है कि जहां ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, वहीं दूसरी तरफ हजारों लीटर कीमती पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। पानी के कारण सड़क पर कीचड़ फैल गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन लीकेज दुरुस्त करवाने की मांग की है। साथ ही ठेकेदार की कार्यशैली की जांच कर लापरवाही पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग ग्रामीणों की इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और पानी की बर्बादी रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।
बुटाटी में पानी की बर्बादी पर ग्रामीणों में आक्रोश, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग, सड़क पर बह रहा हजारों लीटर पानी
Leave a comment
Leave a comment


