Ad imageAd image

पुष्कर पशु मेले में इस बार दिखेगा पशुधन का अनूठा संगम, ऊंटनी के दुग्ध दोहन से लेकर नागौरी बैलों और सिरोही बकरियों की होंगी रोचक प्रतियोगिताएं
पशुपालन विभाग ने कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के पोस्टर का किया विमोचन, पशुपालकों और पर्यटकों को आकर्षित करने की तैयारी

Mahesh Puri
2 Min Read

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

पुष्कर। विश्वविख्यात पुष्कर पशु मेले में इस बार पशुधन की विविधता और पारंपरिक पशुपालन संस्कृति का खास आकर्षण देखने को मिलेगा। पशुपालन विभाग की ओर से मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और पशु प्रतियोगिताओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार को नवीन मेला मैदान स्थित हेल्प डेस्क पर विभागीय कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया।
पोस्टर का विमोचन मेला अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि मेले में पशुपालकों, पशुप्रेमियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कई आकर्षक कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इस बार मेले में ऊंटनी के दुग्ध दोहन की प्रतियोगिता, नागौरी नस्ल के बैलों की प्रतियोगिता तथा सोजती और सिरोही नस्ल की बकरियों की प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण रहेंगी। इन आयोजनों के जरिए राजस्थान की समृद्ध पशुधन परंपरा, पशुपालकों के कौशल और विभिन्न नस्लों की विशेषताओं को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
विभाग की ओर से जारी पोस्टर में विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की तिथियों और समय की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक और पर्यटक इन आयोजनों से जुड़ सकें।
इस अवसर पर उपनिदेशक डॉ. रविंद्र सिंह राठौड़, हेल्प डेस्क प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र चौधरी, डॉ. साकेत पाठक, डॉ. मृगांका कड़वा, डॉ. हिमांशु फुलवानी, पशुधन प्रसार अधिकारी अजय सैनी, पशुधन निरीक्षक शंकर सिंह चौधरी, अजय मंत्री, बुद्धि प्रकाश सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!