Ad imageAd image

बुटाटी में पानी की बर्बादी! ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरसे, सड़क पर बह रहा हजारों लीटर पानी

Mahesh Puri
2 Min Read

बुटाटी में पानी की बर्बादी, ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरसे, पाइपलाइन लीकेज से सड़क पर बह रहा हजारों लीटर पानी
शिकायतों के बावजूद नहीं हो रहा समाधान, ठेकेदार की कार्यशैली पर उठे सवाल, जिम्मेदार विभाग की चुप्पी से ग्रामीणों में रोष
बुटाटी। ग्राम पंचायत बुटाटी में एक ओर ग्रामीण पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जलदाय विभाग की पाइपलाइन में लीकेज के चलते हजारों लीटर पानी सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है। गांव में सामने आई इन तस्वीरों में सड़क पर बहता पानी और कीचड़ व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन लीकेज की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। लीकेज निकालने का ठेका लेने वाले ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी लीकेज दुरुस्त नहीं होने से पानी लगातार व्यर्थ बह रहा है।
विडंबना यह है कि एक तरफ ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल का इंतजार करना पड़ रहा है, तो दूसरी तरफ कीमती पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। इससे सड़क पर कीचड़ फैल रहा है और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित जलदाय विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन लीकेज को तत्काल दुरुस्त करवाया जाए। साथ ही ठेकेदार की कार्यशैली की जांच कर लापरवाही बरतने पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में पानी की इस तरह बर्बादी न हो।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!