चिड़ावा = प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट चिड़ावा की ओर से शुक्रवार को शहर के मुख्य कल्याण राय मंदिर के सामने कपड़े के थैले वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से आमजन को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी किरण पाल, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौतम शर्मा एवं कैलाश सिंह कविया रहे। इस अवसर पर अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं श्रीरामचरितमानस पुस्तक भेंट कर सम्मान किया गया।
वस्त्र व्यापारी देवानंद चौधरी के सहयोग से आयोजित इस अभियान में करीब 250 से 300 कपड़े के थैले वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया, समीर सिंह शेखावत, देवीदत्त शर्मा, अमित सैनी गोलू, निवास वर्मा, ओमप्रकाश जलेन्द्रा, लक्ष्मीकांत अडूकिया, कमलकांत पुजारी, मनीष शर्मा, नरेंद्र वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एसडीएम और ईओ ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में एसडीओ किरण पाल एवं ईओ गौतम शर्मा ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए आमजन से खरीदारी के लिए घर से कपड़े का थैला लेकर निकलने और प्लास्टिक-पॉलीथिन का उपयोग बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
व्यापारी देवानंद चौधरी ने शहर के अन्य कपड़ा व्यापारियों से कट-पीस कपड़ों से थैले तैयार करवाकर इस जनहित अभियान में सहयोग देने का आह्वान किया। वहीं ट्रस्ट के जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया ने बताया कि प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पॉलीथिन का त्याग करना और कपड़े के थैलों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
प्लास्टिक मुक्त भारत की अनूठी पहल: लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट ने बांटे 300 कपड़े के थैले, एसडीएम और ईओ ने की सराहना
Leave a comment
Leave a comment


