Ad imageAd image

3150 किलो सूजी, 2700 किलो मैदा सीज, 135 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट करवाई

Mahesh Puri
4 Min Read

जेठानंद कारयानी

हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपलिंग का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों एवं खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान सैम्पल संग्रहित करने के साथ-साथ 3150 किलो सूजी, 2700 किलो मैदा सीज कर 135 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि गुरुवार 5 नवम्बर को चक 3 केआरपी करणपुरा में संचालित मैसर्स मनेरवा मिल्क से सूजी, मैदा एवं सरसों का तेल का सैम्पल लिया गया। इसी प्रकार, मोती होटल से तैयार की गई सब्जी, मैसर्स श्री श्याम मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई एवं दही, मैसर्स सैनी स्वीट्स से काजू कतली एवं लड्डू, श्री बीकानेर स्वीट्स एण्ड फास्ट फूड से मावा बर्फी एवं बेसन चक्की का सैम्पल लिया गया। उनहोंने बताया कि मैसर्स न्यू सैनी स्वीट्स से मैसर्स मनेरवा मिल्क से 3150 किलो सूजी एवं 2700 किलो मैदा सीज किया गया। श्री बीकानेर स्वीट्स एण्ड फास्ट फूड से 10 किलो रंगीन एवं दूषित मिठाई नष्ट की गई। कार्रवाई में एफएसओ रफीक मोहम्मद एवं एफएसओ अर्चना यादव शामिल रहे।

डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सही प्रकार, हनुमानगढ़ में संगरिया रोड पर संचालित मैसर्स अन्नपूर्णा मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला और गुलाबजामुन का सैम्पल लिया गया। जांच के दौरान वहां से 95 किलो दूषित एवं खराब लड्डू, मावा, चाशनी एवं पेठा मौके पर ही नष्ट करवाया गया। संगरिया की कार्रवाई में एफएसओ सीपी शर्मा, एफएसओ अनुपम चोयल एवं हीरावल्लभ शर्मा शामिल रहे। उन्होंने बताया कि गोलूवाला में मैसर्स पुरोहित मिष्ठान भंडार एवं पीलीबंगा में मैसर्स श्री बालाजी मिष्ठान से खाद्य सामग्री के एक-एक सैम्पल संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान मैसर्स श्री बालाजी मिष्ठान से काफी दूषित खाद्य सामग्री मिली। इसके लिए संस्थान संचालक को पाबंद किया गया कि वह खाद्य सामग्री बनाने में उचित सावधानी बरतें। वहां से 30 किलो खराब व दूषित मिल्क क्रीम नष्ट करवाई गई।

खाद्य कारोबारियों एवं आमजन से की अपील
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखें। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका होने पर विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01552-261190 पर सूचना दें।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!