जंक्शन व टाउन के बाजारों में यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस ने व्यापारियों के साथ की बैठक, निर्धारित स्थानों पर होगी वाहनों की पार्किंग
हनुमानगढ़। दीपावली त्यौहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात योजना तैयार की है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार बुधवार को जंक्शन स्थित गुरुद्वारा रेलवे स्टेशन रोड पर व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इस संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से दुकानों के सामने सड़क पर सामान नहीं रखने की अपील की, ताकि बाजारों में वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस पर व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
पुलिस प्रशासन की ओर से जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार 6 नवंबर से 9 नवंबर तक हनुमानगढ़ जंक्शन में भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक, भगत सिंह चौक से बस स्टैंड तथा नगर परिषद वाली गली में चौपहिया और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतया बंद रहेगा। दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन की अनुमति रहेगी। वे रेलवे स्टेशन रोड पर बने डिवाइडर के दोनों तरफ अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।
चौपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए संगरिया रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास दोनों तरफ, राजीव चौक के पास कुमार पेट्रोल पंप के सामने मोटर मार्केट व पेट्रोल पंप के पीछे तथा जंक्शन बस स्टैंड के सामने मान प्लाजा के पीछे खाली स्थान पर व्यवस्था की गई है।
इसी प्रकार हनुमानगढ़ टाउन के मुख्य बाजार में भी चौपहिया और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतया बंद रहेगा। यहां वाहनों की पार्किंग के लिए यातायात शाखा के पीछे बने पार्किंग स्थल, वाल्मीकि चौक के पास सब्जी की रेहड़ियों व दुकानों के पीछे खाली स्थान, दीनदयाल चौक के पास तथा सुभाष चौक पर चिल्ड्रन स्कूल के सामने डिवाइडर के पास स्थान निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क और नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े नहीं करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चौपहिया वाहन चालकों से विशेष रूप से कम से कम निजी वाहनों का उपयोग करने का आग्रह किया गया है, ताकि बाजारों में यातायात बाधित न हो।
बैठक में किरयाना एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक व्यास, कपड़ा एसोसिएशन अध्यक्ष टोनी, पूर्व अध्यक्ष सुभाष नारंग, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष प्रशांत भारती सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जेठानंद कारयानी हनुमानगढ़
दीपावली पर बाजारों में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त, 6 से 9 नवंबर तक मुख्य बाजारों में चौपहिया वाहनों की नो एंट्री
Leave a comment
Leave a comment


