भीलवाड़ा = मेरा युवा भारत (माय भारत) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में गुरुवार को माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में “विकसित भारत युवा संवाद : अपना वोट जानें कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री दामोदर अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन माय भारत भीलवाड़ा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में यूथ आइकॉन श्री प्रियांशु चौधरी ने विशेष प्रस्तुति के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुद्धता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक मतदाता की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में युवाओं ने सांसद श्री दामोदर अग्रवाल के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की जिम्मेदारी, विकसित भारत@2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका, सोशल मीडिया पर सही एवं भ्रामक चुनावी सूचनाओं की पहचान, रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी आकांक्षाओं को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे।
सांसद श्री दामोदर अग्रवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए देश में आपातकाल के ऐतिहासिक घटनाक्रम, 38वें संविधान संशोधन तथा उस समय चले आपातकाल विरोधी आंदोलन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने इन ऐतिहासिक संदर्भों के माध्यम से वर्तमान लोकतांत्रिक परिवेश, संवैधानिक मूल्यों एवं नागरिक अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर समाज में फैल रही भ्रांतियों एवं गलत सूचनाओं को दूर करने के लिए सही जानकारी के प्रसार और जागरूकता की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में माय भारत के जिला युवा अधिकारी श्री जयेश मीना ने युवाओं को *विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027* की संपूर्ण रूपरेखा, इसके विभिन्न चरणों, सहभागिता की प्रक्रिया एवं युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने युवाओं को इस राष्ट्रीय पहल से जुड़कर अपने विचार, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र में उनकी भूमिका केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूक नागरिक के रूप में सामाजिक समस्याओं के समाधान, जनप्रतिनिधियों से संवाद तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री भगवतीलाल जगेटिया ने अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री युवराज सिंह राठौड़ एवं सुश्री कोमल स्वामी ने किया।



