रिपोर्टर – गिरिराज मीणा, कोटा
कोटा। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए कोटा यूथ सोसाइटी ने इस वर्ष भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए 1,000 जरूरतमंद परिवारों तक खुशियों की सौगात पहुंचाई।
कोटा यूथ सोसाइटी पिछले 6 वर्षों से लगातार दीपावली के अवसर पर ‘मुस्कान की पोटली’ सेवा प्रकल्प संचालित कर रही है। इस पहल के माध्यम से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब, अनाथ एवं असहाय बच्चों और परिवारों को दीपावली की खुशियों में शामिल करने का प्रयास किया जाता है।
इस सेवा प्रकल्प के तहत सोसाइटी के सदस्य स्वयं अपने हाथों से उपहार बॉक्स तैयार करते हैं। प्रत्येक बॉक्स में दो प्रकार की मिठाइयां, दो प्रकार के नमकीन, मठरी, चॉकलेट, बिस्किट, दीपक, वेफर्स सहित अन्य खाद्य एवं उपयोगी सामग्री रखी जाती है।
इस वर्ष भी सोसाइटी के सदस्यों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ 1,000 ‘मुस्कान की पोटली’ बॉक्स तैयार किए। इसके बाद कोटा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों को इनका वितरण किया गया।
सोसाइटी के सदस्यों का मानना है कि दीपावली की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज का हर वर्ग इस त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मना सके। किसी जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस सेवा प्रकल्प का मुख्य उद्देश्य है।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों, दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं का कोटा यूथ सोसाइटी की ओर से आभार व्यक्त किया गया। उनके सहयोग और विश्वास से ही यह सेवा प्रकल्प पिछले 6 वर्षों से निरंतर जारी है।
कोटा यूथ सोसाइटी ने संकल्प जताया कि भविष्य में भी जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां और मुस्कान लाने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
आवाज़ राजस्थान
दीपावली पर कोटा यूथ सोसाइटी ने बांटी खुशियां, 1,000 जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई ‘मुस्कान की पोटली’
Leave a comment
Leave a comment


