Ad imageAd image

धन्वंतरि जयंती पर आरोग्य, संस्कार और दीपपर्व के पांच आयामों का बताया महत्व

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी।

अनुरागबाला पाराशर फाउंडेशन की ओर से गुरुवार को आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, गांधीपुरी में धन्वंतरि जयंती महोत्सव एवं बालिका शिक्षा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में आरोग्य, भारतीय संस्कारों और दीपावली के पांच दिवसीय पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला गया। मुख्य वक्ता आरोग्य भारती चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष डॉ. डीएल काष्ठ ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संयमित दिनचर्या, सात्विक आहार और अच्छे संस्कार बेहद जरूरी हैं।

डॉ. काष्ठ ने कहा कि धन्वंतरि जयंती शारीरिक स्वास्थ्य का प्रतीक है, जबकि दीपावली का पांच दिवसीय पर्व शरीर, मन, अध्यात्म, पर्यावरण और पारिवारिक एकता के संतुलन का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि धनतेरस शारीरिक स्वास्थ्य, रूप चतुर्दशी मानसिक स्वास्थ्य, दीपावली आध्यात्मिक स्वास्थ्य, गोवर्धन पूजा पर्यावरण संरक्षण और भाई दूज भावनात्मक एकता का प्रतीक है। उन्होंने आधुनिकता के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने की आवश्यकता जताई।

समारोह की अध्यक्षता चित्तौड़ प्रांत के प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकरलाल माली ने की। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ. कमलाकांत शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि एएमओ भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष डॉ. जेवी दिवाकर और शाहपुरा नगर संघचालक कन्हैयालाल वर्मा रहे।

डॉ. शंकरलाल माली ने कहा कि भगवान धन्वंतरि संपूर्ण विश्व के कल्याण के प्रतीक हैं। प्रत्येक व्यक्ति को केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी कार्य करना चाहिए। डॉ. कमलाकांत शर्मा ने शारीरिक, मानसिक और पारिवारिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने तथा अहंकार त्यागकर संयमित जीवन अपनाने का आह्वान किया। डॉ. जेवी दिवाकर ने चिकित्सा सेवा को परमोधर्म बताया।

फाउंडेशन अध्यक्ष डॉ. कमलेश पाराशर ने प्रकृति और प्रवृत्ति के अनुरूप जीवन जीने तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया। तेजपाल उपाध्याय ने फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि आदर्श विद्या मंदिर में स्मार्ट क्लास, स्मार्ट बोर्ड और विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था कराई गई है।

चार छात्राओं सहित प्रतिभाओं का सम्मान

बालिका शिक्षा प्रोत्साहन के तहत आसमा बानू नीलगर, आलिया बानू, अंशिका मीणा और हर्षिता घुसर को स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र, शॉल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयुर्वेद सेवा सम्मान से डॉ. विनित जैन, पुष्पेंद्र जीनगर और तेजमल लोट को तथा योग साधना सम्मान से योगाचार्य दारासिंह को सम्मानित किया गया।

पत्रकारिता एवं साहित्य क्षेत्र में मूलचन्द पेसवानी, सूर्यप्रकाश आर्य, रामप्रकाश काबरा, भेरूलाल लक्षकार, गणेश सुगंधी, कवि दिनेश बंटी और तेजपाल उपाध्याय का भी अभिनंदन किया गया। कवि दिनेश बंटी ने चाय पर आधारित कविता सुनाकर समारोह में रोचक माहौल बनाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. परमेश्वर कुमावत ने किया तथा आभार मूलचन्द पेसवानी ने व्यक्त किया।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!