Ad imageAd image

भासू में 16 स्वयं सहायता समूहों को 1.04 करोड़ के ऋण स्वीकृत, महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का संबल

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

टोडारायसिंह (टोंक) = उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत भासू स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा की ओर से ‘महिलाओं की मुस्कान, समृद्ध राजस्थान’ अभियान के तहत स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) कैंप आयोजित किया गया। कैंप में क्षेत्र की करीब 200 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान बैंक की ओर से 16 स्वयं सहायता समूहों को कुल 1 करोड़ 4 लाख रुपए के ऋण स्वीकृत किए गए। इस अवसर पर समूहों की महिलाओं को ऋण स्वीकृति के चेक वितरित किए गए। साथ ही महिलाओं को बैंक की विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में राजीविका जिला कार्यालय टोंक के वित्त प्रबंधक ओमप्रकाश, संजय मीणा तथा राजीविका टोडारायसिंह ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रमेश चंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के कोटा रीजन क्षेत्र प्रमुख संजय सिंघवी, सहायक महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख प्रमोद कुमार चौधरी तथा मोनिका गुप्ता भी उपस्थित रहे।

शाखा प्रबंधक श्योजीलाल यादव ने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि 16 समूहों को 1.04 करोड़ रुपए के ऋण स्वीकृत होने से महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और अपनी आजीविका को मजबूत बनाने के नए अवसर मिलेंगे।



- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!