Ad imageAd image

दलित महिला पूर्व सरपंच के अपमान का आरोप, पंचायत भवन में हवन और शुद्धिकरण कराने पर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

Mahesh Puri
3 Min Read

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

रायपुर (भीलवाड़ा)। पंचायत समिति रायपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत मौखुन्दा में नवनिर्वाचित सरपंच के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विवाद खड़ा हो गया। पूर्व दलित महिला सरपंच का अपमान करने और पंचायत भवन में हवन एवं शुद्धिकरण करवाने के आरोप लगाते हुए समस्त ग्रामवासियों ने उपखंड अधिकारी रायपुर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, दिनांक 4 नवंबर 2026 को नवनिर्वाचित सरपंच मुकेश कुमार सोनी के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान ग्राम विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह एवं सरपंच द्वारा पंचायत भवन में हवन करवाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान पूर्व सरपंच इन्द्रा देवी, जो दलित समाज से आती हैं, के कार्यकाल के बाद पंचायत भवन में गोमूत्र और गंगाजल का छिड़काव कर हवन एवं शुद्धिकरण करवाया गया।
क्या दलित महिला सरपंच के कार्यकाल के बाद शुद्धिकरण करवाना सामाजिक सम्मान पर सवाल नहीं?
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच इन्द्रा देवी जिस कुर्सी पर बैठकर जनसेवा करती थीं, उस कुर्सी को बदलकर नई कुर्सी मंगवाई गई। शिकायत में इसे दलित महिला जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियों से दलित समाज और ग्रामवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह एवं वर्तमान सरपंच मुकेश कुमार सोनी द्वारा पूर्व सरपंच के दलित महिला होने के संदर्भ में कुर्सी बदलने की बात कही गई।
प्रशासन से उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
समस्त ग्रामवासियों ने उपखंड अधिकारी रायपुर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा संविधान और कानून के दायरे में दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
शिकायत की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर भीलवाड़ा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद भीलवाड़ा तथा विकास अधिकारी पंचायत समिति रायपुर को भी भेजी गई है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब देश का संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है, तो फिर एक दलित महिला जनप्रतिनिधि के कार्यकाल के बाद इस प्रकार की कथित शुद्धिकरण की गतिविधियां क्यों की गईं?
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!