डॉ सीएम भारद्वाज (चिड़ावा)
चिड़ावा-अग्रवाल समाज चिड़ावा की ओर से आयोजित होने वाले दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 को लेकर समाजबंधुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर कार्यक्रम के निमंत्रण कार्डों का विमोचन किया। साथ ही समाज के लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। इस बार अग्रसेन जयंती के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित नहीं हो पाने के कारण समाजबंधुओं में निराशा थी। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए पूरे अग्रवाल समाज के जागरूक लोगों की पहल पर संपूर्ण समाज की ओर से दीपावली स्नेह मिलन के अवसर पर समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने का विशेष निर्णय लिया गया है। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने के साथ समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत करना है। समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर ख्यातनाम हास्य कवि श्री हरिश हिंदुस्तानी अपनी ठेठ मारवाड़ी हास्य शैली से उपस्थित लोगों को हंसाएंगे और हास्य रस की फुहारें बिखेरेंगे। वहीं कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण ‘गर्व है हम अग्रवाल हैं’ विषय पर आधारित प्रश्न मंच रहेगा। इसमें समाज के इतिहास, महापुरुषों, गौरवशाली परंपराओं और उपलब्धियों से जुड़े रोचक प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न मंच में भाग लेने वालों के लिए आकर्षक उपहार भी रखे गए हैं। समारोह में चिड़ावा क्षेत्र की शैक्षणिक, व्यावसायिक, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली अग्र प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए समाज की ओर से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र प्रतिभाओं से अपनी मार्कशीट एवं प्रमाण-पत्रों की प्रतियां जमा करवाने का आग्रह किया गया है। आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। समाजबंधुओं ने बताया कि यह आयोजन किसी व्यक्तिगत अथवा संस्था विशेष के बैनर पर नहीं, बल्कि समस्त अग्रवाल समाज चिड़ावा की सामूहिक भावना से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां निभाई जा रही हैं और समाज के प्रत्येक परिवार तक निमंत्रण पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम 9 नवंबर 2026, सोमवार को शाम 4:15 बजे अग्रसेन धाम में आयोजित होगा। कार्यक्रम के बाद सभी समाजबंधुओं के लिए सपरिवार अग्र भोज की व्यवस्था भी रहेगी। समाज के लोगों ने सभी अग्रवाल बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा करने, प्रतिभाओं का सम्मान करने और समाज की एकता का संदेश देने की अपील की है।

आवेदन की अंतिम तिथि, इन प्रतिभाओं का होगा सम्मान*
इस कार्यक्रम में 10वीं, 12वीं और कॉलेज में 70% से अधिक अंक वाले विद्यार्थियों को, सीए, सीएस, नीट, जेईई, एमबीबीएस, एमबीए, आरएएस और आईएएस सहित अन्य सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं, जिला स्तर व राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम रहे तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। पात्र अग्रजन आवेदन के साथ मार्कशीट और उपलब्धियों के प्रमाण-पत्र प्रकाश अग्रवाल 9785408700, कन्हैयालाल लाठ 9929966007, प्रशांत पिचानवेवाला 8079012712, महेंद्र मोदी 9828950331, अमित भगेरिया 9352538005 व अनिल रामभरोसा 9414648310 के यहां जमा करवा सकते है।



