Ad imageAd image

कोटड़ी में धनतेरस पर प्रज्वलित होगा विशाल मिट्टी का दीपक, देवउठनी एकादशी तक रहेगा अखंड रोशन

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

शाहपुरा (भीलवाड़ा)। राजेन्द्र खटीक।

मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोटड़ी कस्बे में धनतेरस के पावन अवसर पर आस्था, परंपरा और कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दीपावली पर्व को लेकर यहां एक विशाल मिट्टी का दीपक तैयार किया जा रहा है, जो क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ग्रामीण महिलाओं द्वारा इस दीपक को पीली मिट्टी और गाय के गोबर के लेप से आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।

चार अन्य दीपक भी होंगे आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष विशाल मुख्य दीपक के साथ 21 इंच और 11 इंच आकार के चार अन्य आकर्षक दीपक भी तैयार किए गए हैं। दीपकों को अंतिम रूप देने के बाद क्षेत्र के पेंटर अनिल पारीक द्वारा इन पर पारंपरिक एवं आकर्षक चित्रकारी की जाएगी, जिससे इनकी सुंदरता और बढ़ जाएगी।

2100 मिट्टी की ईंटों से हो रहा निर्माण

विशाल दीपक को मजबूती और पारंपरिक स्वरूप देने के लिए करीब 2100 मिट्टी की ईंटों, एक ट्रॉली पीली मिट्टी और गाय के गोबर का उपयोग किया गया है। ग्रामीणों की सहभागिता और महिलाओं की मेहनत से इस धार्मिक आयोजन को विशेष रूप दिया जा रहा है।

6 नवंबर को होगा दीपक का प्रज्वलन

आगामी 6 नवंबर को धनतेरस के पावन पर्व पर विशाल मिट्टी के दीपक को विधिवत प्रज्वलित किया जाएगा। परंपरा के अनुसार यह दीपक देवउठनी एकादशी तक लगातार अखंड रूप से जलता रहेगा। इस अनूठे धार्मिक आयोजन को देखने और दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कोटड़ी पहुंचने की संभावना है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!