श्रीगंगानगर = अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक के नीचे संदिग्ध ब्लास्ट की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना में रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की वजह से पिलरों के अंदर लगा सरिया भी बाहर निकल आया। रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की आशंका के चलते पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद यह घटना हुई। सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
एसपी हरिशंकर ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी। जांच रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह ब्लास्ट है या कोई अन्य घटना। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले दिनों सीमावर्ती क्षेत्र में बरामद हुए साढ़े सात किलो आरडीएक्स का फिलहाल इस घटना से कोई संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध ब्लास्ट, पटरी उड़ाने की कोशिश की आशंका; दो सीमेंट पिलर क्षतिग्रस्त
Leave a comment
Leave a comment


