Ad imageAd image

राष्ट्रीय आयुर्वेद कार्यशाला में गूंजी नवग्रह आश्रम की सेवाओं और शोध कार्यों की गूंज

Awaaz Rajasthan
4 Min Read

भीलवाड़ा = कोटा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘अर्बुद विज्ञानीयम्’ में भीलवाड़ा जिले के श्री नवग्रह आश्रम, मोतीबोर का खेड़ा की सेवाओं और आयुर्वेदिक शोध कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। कार्यशाला में नवग्रह आश्रम के संस्थापक वैद्य हंसराज चौधरी ने आमंत्रित वक्ता के रूप में भाग लिया और अर्बुद (कैंसर) चिकित्सा में सप्तधातु सिद्धांत के महत्व पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उनका सम्मान भी किया गया।

वैद्य दाऊदयाल जोशी राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, कोटा में 1 एवं 2 नवंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यशाला का समापन सोमवार को हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा के नेतृत्व एवं संयोजन में आयोजित कार्यशाला में देशभर के आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं आधुनिक चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भाग लेकर अपने अनुभव और शोध विचार साझा किए।

सप्तधातु सिद्धांत पर दिया व्याख्यान

कार्यशाला के दूसरे दिन तृतीय सत्र में वैद्य हंसराज चौधरी ने अर्बुद चिकित्सा में सप्तधातु सिद्धांत के महत्व पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने आयुर्वेद में वर्णित सप्तधातुओं की भूमिका और अर्बुद रोग को समझने के पारंपरिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने गंभीर रोगों के संदर्भ में आयुर्वेद के मूल सिद्धांतों के अध्ययन और अनुसंधान की आवश्यकता भी बताई।

व्याख्यान के पश्चात आयोजकों की ओर से वैद्य चौधरी का सम्मान किया गया। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य एवं आयोजकों को श्री नवग्रह आश्रम का साहित्य भेंट किया। इसके माध्यम से आश्रम की स्थापना, रोगी सेवा, औषधीय पौधों के संरक्षण, आयुर्वेदिक गतिविधियों और जनजागरूकता के प्रयासों की जानकारी साझा की गई।

डॉ. नित्यानंद शर्मा के संयोजन में हुआ राष्ट्रीय आयोजन

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नित्यानंद शर्मा ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन के रूप में कार्यशाला के आयोजन एवं संयोजन से जुड़े रहे। कार्यशाला का उद्देश्य अर्बुद विज्ञान के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों के अनुभव, शोध और चिकित्सकीय दृष्टिकोण को एक मंच पर लाना था। इस दौरान आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के बीच संवाद एवं विचारों के आदान-प्रदान पर भी जोर दिया गया।

दूसरे दिन आयुष मंत्रालय, नई दिल्ली से संबद्ध सीसीआरवाईएन के सीनियर रिसर्च फेलो डॉ. भावित बंसल ने कैंसर देखभाल में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषय पर साक्ष्य आधारित दृष्टिकोण और केस आधारित अनुभव साझा किए। वहीं जयपुर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शरद पोटे ने कैंसर रोगियों के निदान एवं चिकित्सकीय प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव प्रस्तुत किए। अंत में समापन समारोह एवं प्रशस्ति पत्र वितरण के साथ कार्यशाला संपन्न हुई।

575 से अधिक प्रजातियों के औषधीय पौधों का संग्रह

भीलवाड़ा जिले के रायला क्षेत्र स्थित मोतीबोर का खेड़ा का श्री नवग्रह आश्रम पिछले कई वर्षों से रोगी सेवा, आयुर्वेदिक अनुसंधान, औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय है। आश्रम परिसर में 575 से अधिक प्रजातियों के औषधीय पौधों का समृद्ध संग्रह मौजूद है। आश्रम की ओर से इन वनस्पतियों के संरक्षण और उनके महत्व के प्रति आमजन को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय कार्यशाला में वैद्य हंसराज चौधरी की सहभागिता और सम्मान को भीलवाड़ा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे नवग्रह आश्रम की गतिविधियों और आयुर्वेदिक कार्यों को राष्ट्रीय अकादमिक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!