रिपोर्टर -: राकेश अग्रवाल
जिला परिषद के 90 और पंचायत समिति के 245 प्रत्याशी चुनाव मैदान में, आज अंतिम प्रशिक्षण के बाद रवाना होंगे मतदान दल
सवाई माधोपुर। पंचायती राज संस्थाओं के तृतीय चरण के चुनाव को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को जिले की खण्डार, मलारना डूंगर, बामनवास एवं बौंली पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। जिले के 498 मतदान केंद्रों पर कुल 4 लाख 35 हजार 677 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम के नेतृत्व में निर्वाचन तंत्र ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान दलों को सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद मतदान दल निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।
तृतीय चरण के मतदान में बामनवास पंचायत समिति में सर्वाधिक 156 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 70 हजार 998 पुरुष एवं 61 हजार 372 महिला सहित कुल 1 लाख 32 हजार 370 मतदाता मतदान करेंगे।
मलारना डूंगर पंचायत समिति में 102 मतदान केंद्रों पर 45 हजार 106 पुरुष एवं 39 हजार 818 महिला सहित कुल 84 हजार 924 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
खण्डार पंचायत समिति में 134 मतदान केंद्रों पर 63 हजार 232 पुरुष एवं 55 हजार 679 महिला सहित कुल 1 लाख 18 हजार 911 मतदाता मतदान करेंगे।
वहीं बौंली पंचायत समिति में 106 मतदान केंद्रों पर 53 हजार 31 पुरुष एवं 46 हजार 541 महिला सहित कुल 99 हजार 572 मतदाता वोट डाल सकेंगे।तृतीय चरण में जिला परिषद के 31 वार्डों के लिए 90 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। वहीं पंचायत समिति सदस्यों के 80 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 245 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
इनमें बामनवास पंचायत समिति के 23 वार्डों में 70 प्रत्याशी, बौंली के 15 वार्डों में 67 प्रत्याशी, खण्डार के 23 वार्डों में 67 प्रत्याशी तथा मलारना डूंगर के 19 वार्डों में 41 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। मलारना डूंगर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 10 एवं 11 में पंचायत समिति सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
पंच-सरपंच के चुनाव 5 नवम्बर, उप सरपंच के चुनाव 6 नवम्बर को होंगे। इसके बाद जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवम्बर, उप जिला प्रमुख का 26 नवम्बर, प्रधान का 27 नवम्बर तथा उप प्रधान का चुनाव 28 नवम्बर को होगा।
प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने की अपील की है।



