भीलवाड़ा = दीपावली के पर्व को लेकर शहर के प्रमुख चौराहों और सर्कलों को आकर्षक रोशनी एवं सजावट से सजाया जा रहा है, लेकिन शहर के मुख्य राजमार्गों पर लगी तिरंगा लाइटों की व्यवस्था अब तक अधूरी नजर आ रही है। कई वर्ष पहले करोड़ों रुपए की लागत से भीलवाड़ा के प्रमुख मार्गों पर तिरंगा लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन वर्तमान में ये लाइटें अधिकांश स्थानों पर दिखाई नहीं दे रही हैं।
इस मामले को लेकर भीलवाड़ा विकास सेवा समिति के जागरूक कार्यकर्ता एवं जनहित समाजसेवी हेमंत सिंह चौहान (देशभक्त चित्रकार) ने पुर रोड का निरीक्षण कर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर एवं नगर निगम महापौर से मांग की है कि दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए शहर के मुख्य मार्गों पर तिरंगा लाइट डेकोरेशन की व्यवस्था शीघ्र पूरी करवाई जाए।
हेमंत सिंह चौहान ने कहा कि दीपावली शहर को रोशनी से सजाने और सुंदर बनाने का सबसे बड़ा त्योहार है। ऐसे में जब प्रमुख सर्कलों पर आकर्षक सजावट की जा रही है, तो शहर के मुख्य राजमार्गों पर तिरंगा लाइटों की अनदेखी उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से बंद पड़ी लाइटों को दुरुस्त करवाने तथा आवश्यक स्थानों पर नई तिरंगा लाइटें लगाने की अपील की है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं नगर निगम इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर जल्द संज्ञान लेकर दीपावली से पहले शहर के प्रमुख मार्गों को भी तिरंगे की रोशनी से जगमगाएंगे।



