रिपोर्टर -: चंद्र पचरंगिया
चिड़ावा-:दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित वोट चोरी के खिलाफ रैली में झुंझुनूं जिले से भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी भागीदारी निभाई। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंकित फोगाट सैंकड़ों युवा कार्यकर्ताओं के साथ रैली में शामिल हुए। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से युवा कार्यकर्ता रवाना होकर दिल्ली पहुंचे और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन में अपनी भागीदारी निभाई। रैली में शामिल युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर, कथित वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित फोगाट ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। फोगाट ने कहा कि दिल्ली में उठी इस आवाज को अब झुंझुनूं जिले के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाया जाएगा। जिले के युवाओं को इस आंदोलन से जोड़कर आमजन को मताधिकार के महत्व और एसआईआर से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं का युवा लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है। दिल्ली की रैली में युवाओं की भागीदारी इसी संकल्प का प्रतीक है। इस मौके पर लक्की सांवलोद, सतीश खानपुर, पंकज झाझड़िया, कशिश, सचिन फोगाट, साहिल, रोहित यादव, आशीष, निशांत एवं रजत आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।



