Ad imageAd image

बिजयनगर में एमवे किड्स स्कूल का दिवाली फेयर 2026 धूमधाम से आयोजित, बच्चों की प्रस्तुतियों और गरबा सेलिब्रेशन ने बांधा समां

Krishraj Singh
3 Min Read

रिपोर्टर: तरनदीप सिंह टुटेजा


बिजयनगर। एमवे किड्स स्कूल की ओर से दिवाली फेयर 2026 का आयोजन मेवाड़ा पैलेस, बिजयनगर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। मेले में बच्चों, अभिभावकों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आकर्षक स्टॉल्स, मनोरंजक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गरबा सेलिब्रेशन ने आयोजन को यादगार बना दिया।

स्कूल की प्रिंसिपल लीना आसवानी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामस्वरूप मेवाड़ा, राजकुमार आसवानी एवं गजराज मेवाड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर निर्देशक हितेश मेवाड़ा और राकेश आसवानी ने अतिथियों का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया।

बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए आकर्षक स्टॉल

दिवाली फेयर में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, पॉटरी आर्ट, टैटू आर्ट, गन शूट गेम सहित विभिन्न रोमांचक खेलों और फूड स्टॉल्स की व्यवस्था की गई। पॉटरी आर्ट गतिविधि में बच्चों ने मिट्टी से सुंदर दीये और आकर्षक कलाकृतियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वहीं स्वादिष्ट व्यंजनों और कॉटन कैंडी के स्टॉल्स पर भी बच्चों एवं अभिभावकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली।

नन्हे-मुन्नों की डांस प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों की शानदार नृत्य प्रस्तुतियों के साथ हुई। बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।

आयोजन की खास बात बच्चों और अभिभावकों की संयुक्त ग्रुप डांस प्रस्तुति रही। इसमें अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर बच्चों के साथ मंच साझा किया। इसके अलावा बच्चों एवं अभिभावकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल आयोजित किए गए, जिनके विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

10 लकी ड्रॉ ने बढ़ाया उत्साह

दिवाली फेयर के दौरान कुल 10 लकी ड्रॉ निकाले गए। लकी ड्रॉ को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। विजेताओं के नाम घोषित होते ही कार्यक्रम स्थल पर खुशी का माहौल बन गया।

भव्य गरबा सेलिब्रेशन के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन भव्य गरबा सेलिब्रेशन के साथ हुआ। इसमें बच्चों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ ने पारंपरिक धुनों पर गरबा कर उत्सव का आनंद लिया। अंत में सभी ने फुलझड़ियां जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

बच्चों के सर्वांगीण विकास का मंच बना दिवाली फेयर

स्कूल की प्रिंसिपल एवं डायरेक्टर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं, बल्कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना, रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना और अभिभावकों के साथ यादगार पल बिताने का अवसर उपलब्ध कराना था।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सहयोग और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रंगारंग प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और पारिवारिक सहभागिता के साथ एमवे किड्स स्कूल का दिवाली फेयर 2026 उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

आवाज़ राजस्थान | सत्य • निष्पक्षता • जनहित

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!