रिपोर्टर : राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से विजयदशमी उत्सव के अवसर पर रविवार को शहर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। पुराने शहर स्थित शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय देते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से कदमताल की। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विजयदशमी उत्सव के साथ हुआ। इस अवसर पर जयपुर प्रांत के शहर बौद्धिक प्रमुख योगेश कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम के उद्देश्य और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारों पर प्रकाश डालते हुए संगठन, अनुशासन और सामाजिक एकता के महत्व को रेखांकित किया।
इसके बाद विद्यालय परिसर से पथ संचलन प्रारंभ हुआ। संचलन हरसहायजी के कटले, रामद्वारा बस स्टैंड और गुरुद्वारा रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा और वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए आगे बढ़े। शहर में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत से पूरे मार्ग पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश
जिला कार्यवाह नरेंद्र मोहन गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से प्रतिवर्ष विजयदशमी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी शहर में पथ संचलन का आयोजन किया गया।

उन्होंने कहा कि पथ संचलन का उद्देश्य स्वयंसेवकों में अनुशासन, संगठन और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है। ऐसे आयोजनों से स्वयंसेवकों में सामूहिकता और संगठन के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है।
पुलिस रही मुस्तैद
पथ संचलन के दौरान कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली थाना अधिकारी मांगेलाल सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में संचलन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
आवाज़ राजस्थान | सत्य • निष्पक्षता • जनहित


