चिड़ावा = सिंघाना रोड पर गाड़ाखेड़ा के पास पुलिस चौकी के समीप शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बोलेरो आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में बोलेरो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ढाढ़ोत कलां निवासी चार युवक बोलेरो में सवार होकर चिड़ावा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गाड़ाखेड़ा के पास सिंघाना रोड पर पुलिस चौकी के समीप बोलेरो अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दीपक (26) पुत्र सुभाष निवासी ढाढ़ोत कलां को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल विकास (30) पुत्र महेंद्र सहित दो अन्य युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में विकास ने भी दम तोड़ दिया। शेष दोनों घायलों का झुंझुनूं के राजकीय अस्पताल में उपचार जारी है।
गुरुग्राम में ब्लिंकिट कंपनी में करते थे काम
बताया गया कि मृतक दीपक और विकास दोनों गुरुग्राम में ब्लिंकिट (Blinkit) कंपनी में काम करते थे। दीपक अपने पीछे एक भाई और एक बहन छोड़ गया है, जबकि विकास के परिवार में पत्नी और चार साल की मासूम बेटी है। दो युवकों की असमय मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने मृतक के चाचा हेतराम पुत्र श्योनारायण की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
दो दोस्तों की मौत से गांव में पसरा मातम, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल।



