Ad imageAd image

पुलिस की स्कॉर्पियो और दूसरी स्कॉर्पियो में आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, 7 घायल

चुनाव ड्यूटी से लौट रहे पुलिसकर्मियों का वाहन हादसे का शिकार, टक्कर के बाद खाई में गिरी स्कॉर्पियो; तीन महिला पुलिसकर्मी भी घायल

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

भीलवाड़ा = जिले के आसींद विधानसभा क्षेत्र में शनिवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। पंचायतीराज चुनाव 2026 के द्वितीय चरण का मतदान संपन्न करवाकर बराना से भीलवाड़ा लौट रहे पुलिसकर्मियों की स्कॉर्पियो गाड़ी की सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई। आसींद थाना क्षेत्र के मोड़ का निंबाहेड़ा के पास हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पुलिसकर्मियों सहित सात लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार आसींद पंचायत समिति क्षेत्र की बराना ग्राम पंचायत में मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाने के बाद पुलिसकर्मी स्कॉर्पियो से भीलवाड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान भीलवाड़ा से आसींद की ओर जा रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी गाड़ी की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि एक स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा।

हादसे में पुलिस वाहन में सवार खुशी राम, अनीता पत्नी कालूराम और इंद्रा पत्नी बर्दीचंद सहित पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया गया कि घायल तीनों महिला पुलिसकर्मी टोंक जिले में कार्यरत थीं। गंभीर रूप से घायल तीन पुलिसकर्मियों को जिला महात्मा गांधी चिकित्सालय भीलवाड़ा रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

वहीं दूसरी स्कॉर्पियो में सवार शंभूगढ़ थाना क्षेत्र के रायरा निवासी भालू पुत्र नानूराम गुर्जर (40) की हादसे में मौत हो गई। जबकि कमलेश पुत्र भालूराम गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही आसींद थाना प्रभारी श्रद्धा पचौरी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर करवाया गया।

चुनाव ड्यूटी पूरी कर लौट रहे पुलिसकर्मियों के वाहन के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!