टोडारायसिंह | रिपोर्टर – उमाशंकर शर्मा।
टोडारायसिंह उपखंड क्षेत्र के हमीरपुर गांव स्थित बरड़ा नर्सरी की चरागाह भूमि पर दोबारा अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत प्रशासक गीता देवी जाट ने इस संबंध में 23 लोगों के खिलाफ मेहंदवास थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में चरागाह भूमि पर फिर से कब्जा करने, पंचायत की ओर से लगाई गई तारबंदी और खंभे उखाड़ने तथा पौधों को नष्ट करने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा पंचायत कार्यालय में सरपंच के साथ अभद्रता और जान से मरवाने की धमकी देने की शिकायत भी की गई है।
पहले भी प्रशासन ने हटाया था अतिक्रमण
प्रशासक की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को दी गई रिपोर्ट के अनुसार बरड़ा नर्सरी की खसरा संख्या 4345, 4346, 4349, 4341, 4340, 4342, 4296 और 4277/1 की चरागाह भूमि पर पहले भी अतिक्रमण किया गया था। ग्राम पंचायत के प्रयासों से 27 और 28 अक्टूबर 2021 को कुछ अतिक्रमण हटाया गया था।
इसके बाद 26 और 27 मई 2022 को तत्कालीन जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल, तहसीलदार धर्मेंद्र मीणा और नायब तहसीलदार सीताराम लक्षकार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने सात थानों के पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में शेष अतिक्रमण हटाया था। इस दौरान दो जेसीबी मशीनों की सहायता से भूमि की सीमा पर डोल भी बनवाई गई थी।
6 से 10 बीघा भूमि पर कराया था पौधरोपण
शिकायत के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत की ओर से बरड़ा नर्सरी की करीब 6 से 10 बीघा भूमि पर पौधरोपण करवाया गया था। पौधों की सुरक्षा के लिए भूमि के चारों ओर खंभे लगाकर लोहे के तारों से तारबंदी भी की गई थी।
आरोप है कि कुछ लोगों ने दोबारा भूमि पर कब्जा कर वहां खेत बना लिए और खेती शुरू कर दी। इस दौरान पंचायत की ओर से लगाए गए खंभे और तारबंदी उखाड़ दी गई तथा पौधों को भी नष्ट कर नुकसान पहुंचाया गया।
किसानों का रास्ता बंद करने और धमकी देने का आरोप
रिपोर्ट में नर्सरी के आसपास स्थित खेतों तक आने-जाने वाले रास्ते को बंद करने का आरोप भी लगाया गया है। इससे किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में परेशानी होने की बात कही गई है। शिकायत में श्रीरामपुरा, हमीरपुर, सदापुरा और भासू सहित विभिन्न गांवों के 23 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।
इसके अलावा पंचायत कार्यालय में सरपंच के साथ गाली-गलौच और अभद्रता करने तथा जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
ग्राम पंचायत प्रशासक गीता देवी जाट ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा चरागाह भूमि से दोबारा अतिक्रमण हटाने की मांग की है। अब मामले में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हैं।
टोडारायसिंह की बरड़ा नर्सरी की चरागाह भूमि पर फिर अतिक्रमण का आरोप, 23 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत
Leave a comment
Leave a comment


