Ad imageAd image

अंडर-17 भीलवाड़ा यूथ प्रीमियर लीग: सुभाष क्लब और अकाय अकादमी ने दर्ज की शानदार जीत

देवराज सिंह राठौड़ और जिनय सिंघवी बने मैन ऑफ द मैच

Mahesh Puri
3 Min Read

रिपोर्टर-: रतनलाल आचार्य

भीलवाड़ा यंग क्रिकेट क्लब एवं भीलवाड़ा क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में न्यू लुक सेंट्रल स्कूल ग्राउंड पर आयोजित प्रथम अंडर-17 भीलवाड़ा यूथ प्रीमियर लीग के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मुकाबले में सुभाष क्लब ने एमडी-11 भीलवाड़ा को 51 रन से पराजित किया, वहीं दूसरे मुकाबले में अकाय अकादमी ने कड़े संघर्ष के बाद डीडी राइडर्स को 9 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

पहला मुकाबला: सुभाष क्लब ने 51 रन से मारी बाजी

पहले मुकाबले में सुभाष क्लब ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में 131 रन बनाए। टीम की ओर से देवराज सिंह राठौड़ ने शानदार 47 रन तथा हर्षिल ने 17 रन का योगदान दिया। एमडी-11 की ओर से पवित्र जैन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए, जबकि अथर्व और पंकज ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमडी-11 भीलवाड़ा की टीम 80 रन पर सिमट गई। अथर्व मालू ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। सुभाष क्लब की ओर से कृष्णा सिंह ने तीन विकेट, देवराज सिंह राठौड़ एवं हेनिल पायक ने दो-दो विकेट तथा धनंजय सिंह ने एक विकेट हासिल किया। शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के प्रदर्शन के लिए देवराज सिंह राठौड़ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला: अकाय अकादमी ने 9 रन से जीता रोमांचक मैच

दिन के दूसरे मुकाबले में अकाय अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में 179 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कर्तव्य वैष्णव ने शानदार 66 रन तथा हर्ष टाक ने 51 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। डीडी राइडर्स की ओर से दिव्यांश और मयंक ने दो-दो विकेट तथा अंश दुबे एवं यश तिवारी ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीडी राइडर्स की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में 170 रन ही बना सकी और 9 रन से मुकाबला हार गई। टीम की ओर से कमलेश राठौर ने सर्वाधिक 57 रन, आदित्य ओझा ने 23 रन तथा मयंक ने 19 रन बनाए। अकाय अकादमी की ओर से हिमांशु सोमानी एवं जिनय सिंघवी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए जिनय सिंघवी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। अंडर-17 स्तर पर युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा और क्रिकेट के प्रति उत्साह देखने को मिला।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!