रिपोर्टर -: मूलचन्दपेसवानी, शाहपुरा
चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शाहपुरा जिला अस्पताल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब क्षेत्र के मरीजों को नाक, कान एवं गला (ईएनटी) तथा कैंसर रोगों से संबंधित जटिल सर्जरी की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में जिला अस्पताल में पहली बार आधुनिक दूरबीन तकनीक (एंडोस्कोपिक सर्जरी) से 17 वर्षीय बालिका के कान के पर्दे का सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के महज दो दिन बाद बालिका को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार बालिका के कान का पर्दा क्षतिग्रस्त था। चिकित्सकों ने आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक की सहायता से ऑपरेशन कर क्षतिग्रस्त पर्दे के स्थान पर नया पर्दा लगाया। सर्जरी के बाद बालिका को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार होने पर दो दिन बाद उसे छुट्टी दे दी गई। शाहपुरा जिला अस्पताल में इस तकनीक से की गई यह पहली सर्जरी बताई जा रही है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया ऑपरेशन
यह सफल सर्जरी नाक-कान-गला विभागाध्यक्ष डॉ. कुनाल शर्मा एवं एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. रविंद्र धनोपिया के नेतृत्व में संपन्न हुई। ऑपरेशन के दौरान प्रदीप एवं स्टाफ नर्स भावना ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक तकनीक और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
बड़े शहरों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. कुनाल शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में आधुनिक सर्जिकल सुविधाओं की शुरुआत का उद्देश्य शाहपुरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों को उपचार के लिए बड़े चिकित्सा केंद्रों तक जाने की निर्भरता कम होगी।
उन्होंने बताया कि ईएनटी के साथ कैंसर रोगों से संबंधित सर्जरी की सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। इससे गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिला अस्पताल के लिए नई शुरुआत
शाहपुरा जिला अस्पताल में आधुनिक तकनीक से हुई यह पहली सर्जरी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। अब जरूरत इन सुविधाओं को निरंतर विकसित करने और आवश्यक विशेषज्ञों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की है, ताकि शाहपुरा सहित आसपास के ग्रामीण अंचल के लोगों को बेहतर उपचार अपने ही क्षेत्र में मिल सके।


