रिपोर्टर -: राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बौंली, पीपलदा, खिरनी, जस्टाना और भगवतगढ़ में विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त, राजस्थान, जयपुर तथा जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार की गई।
टीम के पहुंचते ही बंद होने लगीं दुकानें
बौंली में खाद्य सुरक्षा टीम के पहुंचते ही कुछ दुकानदारों द्वारा दुकानें बंद किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर टीम ने तत्काल चार दलों में बंटकर अलग-अलग दुकानों पर कार्रवाई शुरू की और दुकानों को बंद होने से रोका। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश गोयल को मौके पर बुलाकर समझाइश की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों से शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने की अपील की।
मावा, मुनक्का और मसालों सहित 18 नमूने लिए

इसके अलावा बौंली स्थित सिंघल किराना स्टोर से मैदा, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और घी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। अन्य प्रतिष्ठानों से भी नमूने लेकर कुल 18 नमूने एकत्र किए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच में खाद्य पदार्थ अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की औचक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल एवं वीरेन्द्र सिंह राजपूत शामिल रहे।


