रिपोर्टर-: राकेश अग्रवाल
35 साल से बजरिया में फल-सब्जी बेचकर परिवार पाल रहे विक्रेताओं ने नगर परिषद पर परेशान करने का लगाया आरोप, स्थायी समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन मंडी बंद करने की चेतावनी
सवाई माधोपुर। बजरिया स्थित डाक बंगले के पास संचालित फल-सब्जी मंडी के विक्रेताओं ने नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में फल-सब्जी क्रेता-विक्रेता यूनियन, सवाई माधोपुर की ओर से जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंडी के स्थायीकरण अथवा अन्य स्थान पर स्थायी भूमि आवंटित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में विक्रेताओं ने बताया कि वे पिछले करीब 35 वर्षों से उक्त स्थान पर फल-सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। विक्रेताओं के अनुसार, वे नियमित रूप से नगर परिषद के ठेकेदारों को प्रतिदिन 10 रुपये भी अदा करते आ रहे हैं। इसके बावजूद नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने के अभियान के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
विक्रेताओं का आरोप है कि नगर परिषद की ओर से मनमाने तरीके से चालान काटकर राशि वसूल की जाती है तथा उनका सामान भी जब्त कर लिया जाता है। इससे छोटे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है।

यूनियन ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि पिछले 35 वर्षों से संचालित फल-सब्जी मंडी का स्थायीकरण किया जाए। यदि वर्तमान स्थान पर मंडी को स्थायी नहीं किया जा सकता, तो विक्रेताओं को किसी अन्य स्थान पर स्थायी भूमि आवंटित की जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपना व्यवसाय कर सकें।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो सभी फल-सब्जी विक्रेता अनिश्चितकालीन मंडी बंद करने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही, स्थायी स्थान उपलब्ध कराए जाने तक उन्होंने वर्तमान स्थान खाली नहीं करने की बात कही है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और नगर परिषद इन छोटे व्यापारियों की समस्या का क्या समाधान निकालते हैं।


