Ad imageAd image

दिल्ली में चमकी बिजयनगर की बहू बिंदिया चौहान, ‘भारत ब्यूटी इवेंट-2’ में हासिल किया टॉप-10 का खिताब

राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिता में हुनर और मेहनत से बनाई पहचान, बिंदिया की उपलब्धि से परिवार और बिजयनगर में खुशी का माहौल

Harshraj Singh Gour
3 Min Read

बिजयनगर(रिपोर्टर-तरनदीप सिंह टुटेजा)। विजयनगर।प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बिजयनगर की बहू बिंदिया चौहान ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी खास पहचान बनाई है। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिता ‘भारत ब्यूटी इवेंट-2’ में टॉप-10 में स्थान हासिल कर उन्होंने अपने परिवार के साथ बिजयनगर और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है।

23 अक्टूबर को दिल्ली के प्रतिष्ठित आर्य ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में देशभर से आए मेकअप आर्टिस्ट और मेहंदी आर्टिस्ट ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रूप साज फाउंडेशन ग्रुप की ओर से संस्थापक भूपेंद्र जी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता सुदेश बेरी, प्रसिद्ध मेकअप आर्टिस्ट राहिल शर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथि और सेलिब्रिटी शामिल हुए।

कड़े मुकाबले में बिंदिया ने बनाई अपनी अलग पहचान

देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा साबित करना आसान नहीं था। ऐसे में राजस्थान के ब्यावर जिले के बिजयनगर की बिंदिया चौहान ने अपने हुनर, मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर टॉप-10 में जगह बनाई। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित किया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकती हैं।

‘शैली ब्यूटी अकैडमी’ से जुड़ी हैं बिंदिया चौहान

बिंदिया चौहान भंवर जी हलवाई परिवार की पुत्रवधू हैं और ‘शैली ब्यूटी अकैडमी’ से जुड़ी हुई हैं। सौंदर्य कला के क्षेत्र में उनकी इस उपलब्धि से परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता उनके हुनर और मेहनत को नई पहचान देने वाली उपलब्धि मानी जा रही है।

क्षेत्र की प्रतिभाओं के लिए बनीं प्रेरणा

बिंदिया चौहान की सफलता उन युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो अपने हुनर को पहचान दिलाने और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में प्रयासरत हैं। उनकी उपलब्धि बताती है कि समर्पण, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर बड़े मंचों पर भी अपनी जगह बनाई जा सकती है।

‘भारत ब्यूटी इवेंट-2’ में टॉप-10 में स्थान हासिल कर बिंदिया चौहान ने बिजयनगर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस कामयाबी ने क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपने कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रेरणा दी है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!