रिपोर्टर; राकेश अग्रवाल (सवाई माधोपुर)
*सवाई माधोपुर, -: राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में मंगलवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के तहत रंगोली, पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने शत-प्रतिशत मतदान का संदेश देते हुए मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने रचनात्मकता एवं उत्साह के साथ भाग लेते हुए मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता की जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए मतदान को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने छात्राओं को स्वयं मतदान करने, अन्य मतदाताओं को जागरूक करने तथा निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प दिलाया।
महाविद्यालय की मतदाता जागरूकता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. सद्फ सिद्दीकी ने छात्राओं को प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता के ऐसे कार्यक्रम लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाने तथा समाज में मतदान के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसमें प्रथम स्थान पर सुरभि खत्री, मुस्कान खत्री एवं पायल रैगर रहीं। वहीं द्वितीय स्थान पर सलोनी मीना एवं प्रिया बैरवा तथा तृतीय स्थान पर प्रिया कंवर, काजल वर्मा एवं मीनाक्षी सैनी रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
फोटो कैप्शन:- 28 पीआरओ विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन।
—000—


